चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत के कालियाम गांव में शनिवार की सुबह करीब 4 बजे शौच करने के लिए अपने घर से निकली अविवाहित महिला प्रभाती कर (42) की हाथी के हमले से मौत हो गयी है. घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गयी है. पंचायत के मुखिया दासो हेम्ब्रम ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है. मिली जानकारी के अनुसार प्रभाती कर सुबह में शौच करने के लिए अपने घर से निकली थी. इसी दौरान घर के पास झाड़ियों में खड़े एक हाथी ने उस पर हमला बोल दिया और पटक कर मार डाला. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि विगत एक माह के दौरान चाकुलिया वन क्षेत्र के चाकुलिया, बहरागोड़ा और धालभूमगढ़ में जंगली हाथी ग्रामीणों की मौत होने और घायल होने का सिलसिला जारी है. इस दौरान हाथी के हमले से यह चौथी मौत है. जबकि इस दौरान जंगली हाथियों ने दो महिला समेत पांच लोगों को जख्मी किया है. घटना की सूचना पाकर विधायक समीर महंती गांव पहुंचकर मृतक परिवार से मिलकर सांत्वना दिया और तत्काल विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए 25 हजार रुपए मृतक के बड़े भाई बिनोद कर को उपलब्ध कराया.विधायक ने वन विभाग के पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द सरकारी प्रक्रिया पुरी कर आश्रित परिवार को सरकार द्वारा दी जाने वाली मुआवजा राशि उपलब्ध कराएं. (नीचे भी पढ़ें)
हाथी के भय से गिरकर दिव्यांग का पैर टूटा-
वही कालियाम गांव में हाथी के भय से भाग रहें दिव्यांग शंभू कर्मकार के जमीन पर गिरने से उसका एक पैर टूट गया है. सूचना पाकर विधायक ने दिव्यांग को उपचार कराने के लिए निजी स्तर पर चार हजार रूपए दिए और वन विभाग के पदाधिकारी को घायल दिव्यांग को बेहतर उपचार कराने का निर्देश दिया है. मौके पर बिशाल बारिक, राजा बारिक, डोमन माझी, मुखिया दासो हेम्ब्रम, विभाग के तापस राय, हरीश भगत, बासुदेव महतो, बापी पोलाई, विश्वजीत भोल, हरो नायक, आकाश दास समेत अन्य उपस्थित थे.




