
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 स्थित एफसीआई गोदाम से चावल खाने के लिए शनिवार की अहले सुबह रामलाल नामक हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने गोदाम के मुख्य गेट को तोड़कर गोदाम में प्रवेश किया और दो नंबर गोदाम का ए ब्लॉक के शटर को तोड़कर उसमें रखे करीब 3 बोरी चावल खाकर और पैरों तले रौंदकर बर्बाद कर दिया है. मौके पर वन विभाग की क्युआरटी टीम पहुुंच कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया. गोदाम के संचालक सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि हाथी गोदाम का मुख्य गेट तोड़ कर गोदाम में प्रवेश किया और गोदाम के शटर को तोड़कर गोदाम में रखे चावल को खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

कहा कि इसके पूर्व भी उक्त हाथी ने दो बार एफसीआई गोदाम में प्रवेश कर शटर तोड़कर चावल और गेहूं को खाया था. कहा कि बार बार हाथी द्वारा गोदाम के गेट और शटर तोड़ने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है. श्री शर्मा ने बताया कि सुबह में हाथी ने गोदाम से बाहर निकल कर गोदाम से सटे उनके बागान के चहारदीवारी को भी तोड़ दिया है. इससे काफी नुकसान हुआ है. वही हाथी के बाजार क्षेत्र में भी प्रवेश करने से लोग काफी दहशत में है.




