गालूडीह : गालूडीह प्रखंड के हाटचाली के पास स्थित एक घर में रविवार सुबह अचानक आग लग जाने से घर के सारे सामान जल कर राख हो गये. हालांकि स्थानीय लोगों ने पास ही स्थित सोलर चालित जल मीनार से पाइप से पानी डाल कर आग पर काबू पाया नहीं तो आग आसपास के घरों तक भी पहुंच सकती थी.(नीचे भी पढ़ें)

बताते हैं कि हाटचाली के पास स्थित एक घर से सुबह दस बजे के करीब अचानक आग की लपटें निकलने लगीं, जिसे देख पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. आग लगनेवाले घर में कोई नहीं होनेके कारण स्थानीय लोगों ने गालूडीह थाना को इसकी सूचना दी, किन्तु स्थानीय लोग चारों ओर से बाल्टी लेकर घटनास्थल की ओर दौड़े एवं लोगों ने पास ही स्थित सोलर जल मीनार से पाइप के जरिये पानी पहुंचाकर आग पर काबू पाया, हालांकि इस बीच घर के अंदर रखे सारे सामान जल कर नष्ट हो गये. बताते हैं कि उक्त मकान गालूडीह निवासी किसी लाल नामक व्यक्ति का है जिसमें जितेंद्र साव परिवार के साथ भाड़े पर रहता है. हालांकि दुर्घटना के समय घर पर कोई नहीं था. (नीचे भी पढ़ें)

अनुमान लगाया जा रहा है कि घर में सुबह हुई पूजा के बाद दीया जलता रह गया होगा, जिसके कारण ही आग लगी होगी. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह 10 बजे के करीब घर से अचानक धुआं उठने पर आग लगने का पता चला. आग से घर के सारे सामान जलकर नष्ट हो गये हैं. पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है. वहीं सूचना मिलते ही गालूडीह थाना प्रभारी रोशन खाखा भी दल-बल के साथ हाटचाली पहुंचे एवं फायर बिग्रेड को भी इसकी सूचना दी. हालांकि स्थानीय लोगों ने हाटचाली के सामने स्थित एक सोलर जल मीनार से पाइप लगाकर पानी की व्यवस्था की एवं काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया.



