सरायकेला : शनिवार की देर रात अपने तीन बच्चों एवं उन्हें बचाने आई पड़ोसी बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला करने के आरोपी सनकी बाप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उसे पूछताछ के लिए साथ ले गयी है. वहीं पिता के हमले में जख्मी बच्चों का ग्रामीणों ने इलाज कराया है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि शनिवार की राजनगर की बाना पंचायत अंतर्गत टंगरानी गांव निवासी बबलू सोय नामक व्यक्ति ने शनिवार देर रात शराब के नशे में अपने तीन बच्चों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया था. इस हमले में 14 महीने का दुधमुंहा बच्चा आयरन सोय, 7 वर्षीय विकास सोय और 9 वर्षीय आकाश सोय जख्मी हो गये. वहीं उन्हें बचाने पहुंची पड़ोस की बुजुर्ग महिला भी घायल हो गई है. गनीमत रही कि बुजुर्ग महिला की समय रहते नींद खुल गई और वह अपनी जान की परवाह किये बिना तीनों बच्चों को शराबी पिता के चंगुल से छुड़ा ले गयी एवं पड़ोसियों को भी इसकी जानकारी दे दी. सुबह पड़ोसियों ने सभी घायलों का इलाज कराया एवं पुलिस को इसकी सूचना भी दी. सूचना पाकर राजनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे एवं गांव के पास से ही आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ थाना ले गए. इस घटना को लेकर पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है और अक्सर शराब के नशे में परिवार वालों से मारपीट किया करता है. उसने दो शादियां की लेकिन उसकी हरकतों से परेशान होकर दोनों अपने मायके में रहती हैं. दोनों पत्नियों को भी घटना की सूचना दे दी गयी है. फिलहाल तीनों बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है.




