गालूडीह : गणेश पूजा के समापन पर बुधवार को गालूडीह और आसपास के गांवों में श्रद्धा और उल्लास के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. ऊपरडांगा समेत विभिन्न पूजा स्थलों से निकली विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. प्रतिमा विसर्जन यात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बना. डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरकते हुए आगे बढ़े. वहीं बच्चे और महिलाएं भी यात्रा में शामिल रहीं. (नीचे भी पढ़ें)
जुलूस के दौरान युवाओं ने गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं. सड़क किनारे खड़े लोगों ने भी उत्साह के साथ विसर्जन यात्रा का नजारा देखा. पूजा समितियों की ओर से प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर वाहनों पर रखा गया था. ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन के बीच श्रद्धालु प्रतिमा लेकर विसर्जन स्थल तक पहुंचे. वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)
विसर्जन के दौरान कई श्रद्धालु अगले वर्ष फिर से गणपति के आगमन की कामना करते नजर आये. शाम तक अलग-अलग स्थानों से विसर्जन यात्राएं निकलती रहीं. प्रतिमा विसर्जन के साथ ही क्षेत्र में कई दिनों से चल रहा गणेश उत्सव संपन्न हो गया.







