जादूगोड़ा : देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत जादूगोड़ा सीआरपीएफ ग्रुप केन्द्र की ओर से शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल में ‘वंदे मातरम्’ सामूहिक गान कार्यक्रम का आयोजन हुआ. यह आयोजन ग्रुप केंद्र के पुलिस उप महानिरीक्षक रमेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप कमांडेंट पवन कुमार ने विद्यार्थियों को वंदे मातरम् की उत्पत्ति, ऐतिहासिक महत्व तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में इसकी प्रेरणादायी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का सशक्त प्रतीक है. उन्होंने विद्यार्थियों से इसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया. हर घर तिरंगा अभियान एवं वंदे मातरम् विषयक जागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया. इस अवसर पर शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल के निर्देशक मुद्रिका शर्मा, सहायक कमांडेंट मकसूद आलम, निरीक्षक अभिषेक चौधरी व प्रीतम सहित सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बच्चों ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया.




