चाकुलिया: मानसून सत्र के द्वितीय दिन बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने सदन में राज्य की 108 एंबुलेंस सेवा की स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. विधायक ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार गंभीर मरीजों को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाने की मजबूरी होती है.विधायक ने सदन में विशेष रूप से 108 एंबुलेंस के कॉल सेंटर में फोन नहीं उठने की शिकायत का मामला उठाते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में एक-एक मिनट महत्वपूर्ण होता है. ऐसे में कॉल सेंटर की व्यवस्था को प्रभावी बनाना बेहद जरूरी है. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस की उपलब्धता बढ़ाने और सेवा को तत्काल सुदृढ़ करने की मांग सरकार के समक्ष रखी.(नीचे भी पढ़े)
विधायक के सवाल के जवाब में सरकार की ओर से बताया गया कि 108 एंबुलेंस सेवा के कॉल सेंटर की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है और कॉल सेंटर में चिकित्सा पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. इससे आपातकालीन कॉल की निगरानी और सेवा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.वहीं, एंबुलेंस की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने सदन में बताया कि 237 एंबुलेंस, 30 एएलएस (Advanced Life Support) और 281 बीएलएस (Basic Life Support)एंबुलेंस की खरीद की प्रक्रिया चल रही है. सरकार ने जल्द ही एंबुलेंस सेवा की स्थिति में सुधार होने की बात कही.विधायक समीर मोहंती ने कहा कि ग्रामीण, गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. 108 एंबुलेंस सेवा को मजबूत करने से समय पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी और आने वाले दिनों में इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा.




