चाकुलिया : घाटशिला के एसडीओ सत्यवीर रजक ने शुक्रवार को चाकुलिया प्रखंड के बेंद और जुगीतुपा पंचायतों का दौरा कर पंचायत में चल रही विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. इस क्रम में एसडीओ ने दोनों ही पंचायतों में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पौधा रोपण करने के लिए लोग जोड़ो गड्डा खोदो महा अभियान के जरिये दूसरे दिन श्रमदान कर गड्डा खोदकर लोगों को प्रोत्साहित किया. मौके पर बीडीओ देवलाल उरांव ने कहा कि चाकुलिया प्रखंड में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 250 एकड़ भूमि पर बांस, आम, सहजन और मिश्रित फल के पौधे लगाने हैं. उन्होंने कहा कि प्रखंड को मिले लक्ष्य की पूर्ति कर ली गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
एसडीओ ने की प्रखंड की विकास योजनाओं की समीक्षा

पंचायत दौरे के पश्चात एसडीओ सत्यवीर रजक ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर सभागार में प्रखंड के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर प्रखंड में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में उन्होंने हर योजना की जानकारी ली एवं लक्ष्य से पीछे रहे पंचायत सचिवों को काम में तेजी लाकर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया. श्री रजक ने उन्हें लक्ष्य पूरा नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी. मौके पर बीडीओ देवलाल उरांव, सीओ जयवंती देवगम, जेई अजय कुमार, हरि प्रसाद महतो समेत प्रखंड के सभी पंचायत सचिव और रोजगार सेवक उपस्थित थे.



