चाकुलिया: मंगलवार को चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक समीर मोहंती ने दीप प्रज्वलित कर किया. विधायक समीर महंती ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और सरकार का मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों के आयोजन से ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त होता है. (नीचे भी पढ़े)

मेले के दौरान विधायक के हाथों कई कल्याणकारी कार्य संपन्न हुए, जिसमें फाइलेरिया किट का वितरण प्रमुख रहा. इसके अलावा सात बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया और एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी पूरी की गई. परिसर में कुल 18 अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श व दवाइयां उपलब्ध कराई गईं. इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत मुर्मू, राजा बारिक, मुखिया शिव चरण हांसदा, मो. गुलाब, गौतम दास,विशाल बारीक समेत अन्य उपस्थित थे.















