
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के चंदनपुर गांव स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट से बालू माफियाओं द्वारा अवैध बालू का उत्खनन धड़ल्ले से किया जा रहा था. पुलिस की आंख में धूल झोंककर बालू माफियाओ द्वारा रात के अंधेरे में और सुबह-सुबह नदी घाट से विभिन्न वाहनों से बालू की ढुलाई की जाती थी. श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी काजल कुमार दुबे ने थाना क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई पर प्रतिबंध लगाने के लिए नया तरीका अपनाया है. थाना प्रभारी ने स्वर्णरेखा नदी घाट तक जाने वाली कच्ची सड़क पर जेसीबी मशीन चलवाकर रास्ते पर बड़े बड़े गड्ढे खुदवा दिये हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि ना रहेगा बांस और ना अब बजेगी बांसुरी वाली कहावत की तर्ज पर सड़क पर गड्डे खोदे गये हैं, ताकि इस रास्ते से ना तो अब कोई वाहन नदी घाट जा सकता है और न ही नदी घाट से बालू लेकर बाहर जा सकते हैं. थाना प्रभारी की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मची हुई है. थाना प्रभारी श्री दूबे ने बताया कि थाना क्षेत्र के नदी घाट से अवैध बालू के उत्खनन पर पुलिस पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी.













