जादूगोड़ा : भगवान श्री राम के जन्मोत्सव, रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को पूरा जादूगोड़ा भक्ति के रंग में रंगा रहा. श्रद्धा और शक्ति के इस अनूठे संगम में जहां एक ओर मंदिर मंत्रोच्चार से गूंजते रहे, वहीं दूसरी ओर उत्तरी इचड़ा पंचायत के श्री रामनगर अखाड़ा से सज्जन खेमका, नवीन प्रसाद व विक्की शर्मा की अगुआई में सड़कों पर युवाओं के हैरतअंगेज करतबों ने लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया. वहीं, चैत्र नवरात्र और रामनवमी को लेकर शुक्रवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. मुसाबनी प्रखंड की उत्तरी इचड़ा पंचायत के श्री राम नगर, धर्मडीह जैसे क्षेत्रों में उत्सव का विशेष उत्साह देखा गया. पूरा क्षेत्र केसरिया ध्वजों से पट गया और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से आकाश गुंजायमान रहा. (नीचे भी पढ़ें)

जादूगोड़ा श्री रामनगर अखाड़ा की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई. इस दौरान आगे-आगे घोड़े की खूबसूरत जोड़ियां, जिनके पीछे करतब दिखाते युवाओं और श्रद्धालुओं ने हाथों में तलवार, लाठी और पारंपरिक शस्त्र लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल व इंस्पेक्टर के नेतृत्व में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहे.




