गालूडीह: गालूडीह क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’अभियान के तहत किशोरियों के लिए माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, स्वच्छता बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है. जलसहिया नीतू सिंह ने बताया कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसे लेकर संकोच या शर्म महसूस करने की आवश्यकता नहीं है. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, किशोरियों को स्वच्छ सैनिटरी पैड के उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई. किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया. ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों के स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. अभियान में क्षेत्र की सेविकाएं, जल सहियाएँ और स्वास्थ्य सहियाएँ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.







