जमशेदपुर: बहरागोड़ा थाना अंतर्गत ‘बाला एंड संस’ कंपनी के समीप बीते 7 अप्रैल को हुई सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन ली. हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने कटक मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बुधवार को जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक विक्रम मुंडा अपने गांव के ही साथी तारक मुंडा के साथ किसी काम से बहरागोड़ा बाजार गया था. बाजार से घर लौटने के क्रम में विगत मंगलवार की शाम को पीछे से आ रही एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़े)
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े.दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और एम्बुलेंस की मदद से दोनों को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बारीपदा और फिर वहां से कटक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसका निधन हो गया.(नीचे भी पढ़े)
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: इस हृदयविदारक घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है. मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र था, जिस पर पूरे घर की जिम्मेदारी थी. वहीं मृतक का मात्र महीने का एक छोटा बेटा है, जो अभी अपने पिता की पहचान भी ठीक से नहीं कर पाया था.
गांव में गमगीन माहौल:बुधवार को जब युवक का शव गांव पहुंचा, तो कोई भी अपने आंसू नहीं रोक पाया. सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला जब वृद्ध पिता टकटकी लगाए अपने कलेजे के टुकड़े के पार्थिव शरीर को निहार रहे थे. पिता की पथराई आंखें और खामोश चीखें वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर रही थीं.











