गालूडीह : उल्दा पंचायत के पुतड़ू गांव स्थित आंगनबाड़ी मैदान में शुक्रवार को जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. कार्यक्रम को लेकर शाम से ही मैदान में ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी. आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग प्रतियोगिता देखने पहुंचे. कार्यक्रम की शुरुआत पुजारी संजय मुखर्जी ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर कराई. इसके बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)

युवाओं में मटकी फोड़ने को लेकर खासा उत्साह दिखा. प्रतियोगिता में बजीरडांगा की टीम ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. टीम को पुरस्कार स्वरूप 1100 रुपये नगद प्रदान किये गए. वहीं छोलागोड़ा की टीम दूसरे स्थान पर रही, जिसे 1000 रुपये प्रदान कर सम्मानित किया गया. विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया. डांडिया नृत्य कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र रहा. थाना प्रभारी अंकु कुमार भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे.




