बहरागोड़ा : बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर लापरवाही के आरोपों में घिर गया है. रविवार को बहुलिया गांव की टुंपा दलाई नामक महिला की प्रसव के बाद मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार शनिवार को टुंपा ने अस्पताल में सुरक्षित रूप से एक बच्ची को जन्म दिया था. प्रसव के बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही थी और परिजन राहत महसूस कर रहे थे. किंतु देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. पति शांतनु दलाई का आरोप है कि उसकी पत्नी रात भर दर्द से तड़पती रही और उन्होंने ड्यूटी पर तैनात नर्सों से डॉक्टर को बुलाने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों का कहना है कि वे बार-बार मदद मांगते रहे, पर अस्पताल कर्मियों ने यह कहकर टाल दिया कि सब सामान्य है. आरोप है कि समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप नहीं होने के कारण टुंपा की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और रविवार सुबह उसे मृत घोषित कर दिया गया. नवजात बच्ची के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार टूट गया है. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश देखा गया, हालांकि किसी तरह की कानूनी प्रक्रिया में पड़े बिना वे रविवार शाम शव और नवजात को लेकर अपने गांव लौट गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण मरीजों के साथ इस तरह की उदासीनता का यह कोई अनोखा मामला नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उत्पल मुर्मू ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कार्डियक अरेस्ट का मामला था. उनके अनुसार मरीज की हृदयगति अचानक रुक गई, जिससे उसे बचाना संभव नहीं हो सका. उन्होंने दावा किया कि उपलब्ध संसाधनों के अनुसार प्रयास किए गए. यह घटना सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में रात की आपात सेवाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती है. मामले की प्रशासनिक जांच की मांग जोर पकड़ रही है. पढ़ें)












