बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के पथरा पंचायत अंतर्गत पथरा गांव के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आसमान से पैराशूट के सहारे एक अज्ञात उपकरण जमीन पर आ गिरा. अचानक आसमान से गिरे इस उपकरण को देख कर ग्रामीणों में तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं और डर का माहौल बन गया. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल बरसोल थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उपकरण को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. उपकरण पर अंकित आपातकालीन संपर्क नंबरों के माध्यम से पुलिस ने संबंधित लोगों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली. पूछताछ के दौरान स्पष्ट हुआ कि यह उपकरण पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान और मौसम संबंधी डेटा संग्रह के उद्देश्य से उड़ाया गया रिसर्च बैलून का हिस्सा था. बैलून के साथ लगा यह उपकरण पैराशूट के सहारे पथरा गांव के समीप आकर गिरा. (नीचे भी पढ़ें)
बताया गया कि यूनिवर्सिटी की ओर से पुलिस को उपकरण को सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया है. साथ ही, यूनिवर्सिटी की टीम अगले दो से तीन दिनों के भीतर बरसोल थाना पहुंच कर उपकरण को वापस ले जाएगी. फिलहाल पुलिस ने उपकरण को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में रखा है.




