जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक सक्रिय बकरी चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. वही दो अन्य भागने में सफल रहे है. वहीं उसके पास से कार में सवार छह बकरियां, तीन पैकेट ब्रेड, एक आइफोन और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गयी है. जानकारी के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बकरी चोरी की शिकायतें मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक ग्रे रंग की कार (नंबर जेएच05डीपी3586) में सवार तीन व्यक्ति चाकुलिया के मुस्लिम बस्ती क्षेत्र से बकरी चोरी कर जमशेदपुर की ओर भाग रहे हैं. सूचना के आधार पर चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से वाहन का पीछा कर कार्रवाई की, जिसमें तीन आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य फरार होने में सफल रहे. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो निसाद अंसारी उर्फ दानिस (26 वर्ष) के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

वह मूल रूप से नालंदा (बिहार) का निवासी है और वर्तमान में कपाली क्षेत्र में रह रहा था. तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से चोरी की गयी छह बकरियां, बकरियों को फुसलाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तीन पैकेट ब्रेड, एक आईफोन मोबाइल, दो फर्जी नंबर प्लेट तथा चोरी में प्रयुक्त कार बरामद की है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य सुबह कार लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में निकलते थे और जहां भी बकरियां दिखाई देती थीं, उन्हें ब्रेड खिलाकर वाहन तक लाते और फिर कार में चढ़ाकर फरार हो जाते थे. गिरफ्तार आरोपी का काम वाहन चलाना था. पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना कपाली निवासी रूबी खान बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है. वहीं गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है.







