पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के टाटा हाता मुख्य मार्ग पर तिरिलडीह के समीप सड़क दुर्घटना में शिक्षक वीर प्रताप मुर्मू (59 वर्ष) की मौत हो गई है. वीर प्रताप मुर्मू गंगाडीह पंचायत के मध्य विद्यालय नागा के प्रधानाध्यापक थे. घटना रविवार देर शाम लगभग सात बजे की है. मिली जानकारी अनुसार वीर प्रताप मुर्मू अपनी मोटरसाइकिल से राजनगर थाना क्षेत्र के पुपडीह (बाड़ेडीह) स्थित पैतृक आवास से करनडीह के पुड़िहासा, जहां वे वर्तमान में रहते थे लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने पर पोटका पुलिस वहां पहुंची एवं उन्हें इलाज के लिए पोटका सीएचसी लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वीर प्रताप के निधन की सूचना मिलते ही पोटका सीएचसी में परिजनों और उनके शुभचिंतकों का जमावड़ा लग गया है.



