गालूडीह: गालूडीह के आंचलिक मैदान में पंडित रघुनाथ मुर्मू गावता क्लब के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल कप का मंगलवार को समापन हो गया. फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए हर्ष 11 ने राहुल स्पोर्टिंग को 4-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन उपस्थित रहे. उन्होंने स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रामदास सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके बाद फाइनल मुकाबले का आनंद लेने पहुंचे खेलप्रेमियों का उत्साह बढ़ाया. फाइनल मुकाबला राहुल स्पोर्टिंग और हर्ष 11 के बीच खेला गया. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए मैदान में दमखम लगाया. (नीचे भी पढ़े)
रोमांचक मुकाबले के बाद हर्ष 11 ने बाजी मारते हुए मेमोरियल कप पर कब्जा जमा लिया. समापन समारोह में विधायक सोमेश सोरेन ने विजेता हर्ष 11 को 35 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता राहुल स्पोर्टिंग को 25 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की. प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया. दो दिनों तक चले मुकाबलों को देखने के लिए आंचलिक मैदान में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी जुटे. फाइनल के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा. मौके पर मुखिया नेहा सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दुर्गाचरण मुर्मू, दुलाराम टुडू, बादल किस्कु, बड़ा दुर्गा मुर्मू, फूलचंद टुडू, ध्यान चंद सोरेन, सुजय सिंह, सुखलाल हांसदा, आमपा हेंब्रम, सुनाराम सोरेन, राजेश महतो, बिमल मार्डी, सोमाई सोरेन, देवलाल महतो, निमाई चांद सरकार, भूषणचंद्र कर्मकार, मथुरचंद्र धावड़िया, महेंद्रनाथ सोरेन, बबलु हुसैन और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे.




