गालूडीह : शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को गालूडीह फिट लाइफ जिम में उत्साह और उमंग का माहौल रहा. जिम में सदस्यों ने केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया और शिक्षकों के प्रति सम्मान व आभार व्यक्त किया. इस दौरान जिम के सदस्यों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षकों के योगदान को याद किया. कार्यक्रम में फिट लाइफ जिम के ट्रेनर अभिजीत सिंह ने कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सबसे महत्वपूर्ण होता है. शिक्षक विद्यार्थियों को सिर्फ किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें अनुशासन, मेहनत, संघर्ष और जीवन में सही दिशा चुनने की सीख भी देते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए नियमित मेहनत और अनुशासन जरूरी है. अभिजीत सिंह ने कहा कि फिटनेस के क्षेत्र में भी ट्रेनर की भूमिका एक शिक्षक जैसी ही होती है. जिम में आने वाले लोगों को नियमित व्यायाम के साथ सही खान-पान, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना ट्रेनर की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक रूप से मजबूत रहना भी जरूरी है. इसके लिए नियमित व्यायाम और सकारात्मक सोच महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते हैं. ऐसे में युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना जरूरी है. केक काटने के बाद सभी ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं.















