बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर मंगलवार दोपहर मुड़ाकाटी चौक के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के गोपीवल्लभपुर थाना क्षेत्र के झारापाड़ा गांव निवासी रीम दंडपाट और उनकी एक वर्षीय पुत्री श्रेया दंडपाट गंभीर रूप से जख्मी हो गईं. हादसा उस समय हुआ, जब पति-पत्नी अपने मासूम बच्ची के साथ हाता स्थित ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी. (नीचे भी पढ़ें)
ठोकर इतनी भीषण थी कि मां और बच्ची सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गईं. दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहन से बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. लेकिन रीम दंडपाट और उनकी पुत्री श्रेया की हालत नाजुक बनी रहने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बरिपदा रेफर कर दिया गया.















