जादूगोड़ा : यूसिल के नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रबंधन द्वारा पश्चिम बंगाल या बाहरी लोगों को रोजगार दिये जाने के मुद्दे पर भड़के स्थानीय हितकू विस्थापित-प्रभावित बेरोजगार संघ ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को सड़क पर उतर कर यूसिल के यूरेनियम अयस्क परिवहन को ठप कर दिया. संघ के सदस्यों ने हितकू चौक के पास प्रदर्शन कर आवागमन रोक दिया. जादूगोड़ा-सुंदरनगर मुख्य सड़क किनारे हितकू बजरंगबली चौक के यूरेनियम अयस्क का परिचालन ठप होने का ऐसा असर हुआ कि यूसिल की सांस फूलने लगी व विस्थापित नेताओं से वार्ता कर मामले को सुलझाना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)

इस बाबत संघ के प्रवक्ता लक्खी दास ने कहा के यूसिल की नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रबंधन को अंततः झुकना पड़ा. प्रबंधन ने हितकू विस्थापित कमेटी की 23 में से 21 मांगें मान लीं. इसके बाद संघ ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की है. इस दौरान यूसिल प्रबंधन ने स्थानीय तीन युवाओं को संवेदक के अधीन हितकू पंचायत के तीन युवाओं कमल दास, बुधू पात्रो व श्रीनिवास मुखी को कंपनी में नियोजन समेत अन्य मांगों पर सहमति जताई है. इसके बाद विस्थापितों ने सड़क जाम हटा लिया. बैठक में नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रबंधन की ओर एचआर हेड राकेश कुमार, डी हांसदा व मनोरंजन माहली ने हिस्सा किया जबकि विस्थापित कमेटी की ओर से अशोक दास, अमित दास, सुशील सिंह समेत हितकु पंचायत के ग्रामीणों ने शिरकत की.





