जमशेदपुर : डोरकासाई जेवियर पब्लिक स्कूल में शुक्रवार, 1 मई को मजदूर दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस विशेष अवसर पर विद्यालय के सभी कर्मचारियों के परिश्रम एवं समर्पण पूर्ण योगदान को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रार्थना सभा के साथ आरंभ कार्यक्रम में मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया. इसके पश्चात विद्यालय के सुरक्षा गार्ड ने मंच पर आकर एक प्रेरणादायक भाषण दिया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, हर काम का अपना महत्व होता है. उन्होंने मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को समझाया और विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन अपनाने की सलाह दी. कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में विद्यालय के सभी सहायक कर्मचारी जैसे सफाई कर्मचारी, माली, बस चालक, रसोई कर्मचारी आदि को उनके अथक परिश्रम के लिए उपहार देकर सम्मानित किया गया. विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके बिना विद्यालय का संचालन संभव नहीं है. अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि हमें हर कार्यकर्ता का सम्मान करना चाहिए.







