
जमशेदपुर : आदिवासियों के संताल समुदाय की विशेष महामिलन समारोह “जिल जोम” का आयोजन शनिवार को सारजमदा डोकाटोला में किया गया। समारोह का आयोजन बिरसा सेवा दल की ओर से किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने सभी के साथ बैठ कर सामूहिक भोजन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिकता युग में लोग अपनी संस्कृति को भुलाते जा रहे है। मगर संताल समाज के युवा आज भी पूरे जोश के साथ अपनी संस्कृति को बचाए रखने में कामयाब है। कमेटी के गणेश हांसदा ने बताया कि आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए वर्षों से हर पांच वर्ष के अंतराल में इस समारोह का आयोजन किया जाता है। इस समारोह में शामिल करने के लिए दूरदराज से रिश्तेदारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। मांस का व्यंजन तैयार कर सभी को सामूहिक रूप से भोजन कराने के बाद सभी ने एक साथ नाच-गान कर खुशियां मनाया। मौके पर पंकज सिंहा, कुसुम पूर्ति, गांव के माझी बाबा रतन हांसदा, नायके बाबा गुलिया टुडू, बागुन हेम्ब्रम, लेंबो मुर्मू समेत अन्य उपस्थित थे।





