जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुस्को स्कूल साउथ पार्क में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) का शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह आयोजित किया गया. समारोह में सीनियर सेकेंडरी वर्ग के 55 विद्यार्थियों को विभिन्न क्लबों एवं हाउसों की जिम्मेदारियां सौंपते हुए बैज पहनाए गए तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ. इस अवसर पर टाटा स्टील के रॉ मैटेरियल्स डिवीजन के चीफ सेफ्टी अगम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अतिरिक्त जिम्मेदारियां स्वीकार करने से व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है और भविष्य में नेतृत्व क्षमता मजबूत होती है. (नीचे भी पढ़ें)
विद्यालय की प्राचार्या ने अपने संबोधन में छात्र परिषद के सदस्यों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ नेतृत्व करने का संदेश दिया. समारोह का मुख्य आकर्षण बैज वितरण एवं शपथ ग्रहण रहा, जिसमें नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय के मूल्यों का पालन करने तथा अपने साथियों के लिए आदर्श बनने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देने के साथ हुआ.







