जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी में बुधवार को कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों के लिए उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम एवं नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स वेलकम समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रदीप पाण्डेय तथा मुख्य अतिथियों प्रख्यात साहित्यकार राजदेव सिन्हा, एसपी सिंह, राम अवध सिंह, डॉ वशीकुर रहमान और सोनाली सरकार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर उषा तिवरार ने मंगलाचरण, स्वागत गीत एवं समूह गान प्रस्तुत किया। कक्षा 12 की छात्रा कविता सिंह ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों का अभिनंदन किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12 के छात्र देवेंद्र एवं रोहित ने किया. अपने संबोधन में प्रधानाध्यापक चंद्रदीप पाण्डेय एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन, कड़ी मेहनत और नैतिक मूल्यों को अपनाकर सफलता हासिल करने का आह्वान किया। शिक्षिका सुभमा प्रसाद ने भी प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया. इसके बाद कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड के जनजातीय (आदिवासी) नृत्य तथा बॉलीवुड नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समारोह के दौरान कुछ विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकों का भी वितरण किया गया. कार्यक्रम की संपूर्ण योजना, संचालन एवं व्यवस्थाओं का दायित्व बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों ने सफलतापूर्वक निभाया. अंत में शिक्षिका रीना कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ.







