जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में स्क्रैप चोरी के मामले का खुलासा किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने एक बिना नंबर वाले “छोटा हाथी” वाहन को जब्त करने के साथ ही मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, गोलमुरी स्थित केबल कंपनी परिसर से गैस कटर की मदद से स्क्रैप काटकर चोरी किया जा रहा था. चोरी किए गए स्क्रैप को छोटा हाथी में लोड कर बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की ओर ले जाया जा रहा था, जहां उसे वजन कराने की योजना थी. इसी दौरान बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार को इसकी गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की. जांच के दौरान वाहन में चोरी का स्क्रैप पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में पुलिस ने दिबेश राज उर्फ राजा (कांग्रेस नेता), वीरू सिंह, राजू, चिंटू, सन्नी चौधरी, वीर सिंह उर्फ वीरू, अमरजीत सिंह, विक्रम सिंह, सद्दाम खान, विकास माझी और सुमित कुमार उर्फ मुड़ी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही, पूरे गिरोह के नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.



