
जमशेदपुर:जमशेदपुर के सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय उत्पाद को बढावा देने को लेकर चलाए जा रहे अभियान लोकल फॉर वोकल और आत्मनिर्भर भारत को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर जिले के उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा है. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कॉमर्स ने पत्र में बताया है कि डिजिटल इंडिया को लेकर व्यापारियों ने कन्फेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के देशव्यापी अभियान के अंतर्गत डिजिटल कॉमर्स को उत्साहपूर्वक अपनाया है. इसके साथ ही बड़ी विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों ने सरकार की एफडीआई नीति और संबंधित कानूनों , नियमो का निरंतर उल्लंघन करते हुए भारत के ई-कॉमर्स व्यवसाय और करोड़ों व्यापारियों द्वारा खुदरा व्यापार करते हुए अपनी रोजी -रोटी कमाने को बर्बाद करने तथा देश के रिटेल व्यापार पर अपना एकाधिकार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.
उनके खिलाफ कई शिकायतें करने के बावजूद उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे छोटे व्यापारी के लिए ऑनलाइन व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ने तथा डिजिटल कॉमर्स में आत्मनिर्भर बनने के लक्ष्य में बेहद रूकावट बन गया है. इससे सरकार द्वारा शुरू किए गए लोकल पर वोकल एवं आत्मनिर्भर भारत अभियान भी प्रभावित हो रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि ऐसी ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भारत में ई-कॉमर्स व्यवसाय को विनियमित करने और निगरानी करने के लिए एक सशक्त रेगुलेटरी ऑर्थरिटी के स्पष्ट प्रावधान के साथ एक ई-कॉमर्स नीति को तुरंत घोषित किया जाए. इसके साथ ही एफडीआई नीति के विसंगतियों और असमानताओं को दूर करते हुए सरकार को एक नया एवं स्पष्ट नोट जारी किया जाना चाहिए.






