जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में हिंदी लेखक के साथ गैरेज में दुर्व्यवहार, धमकी और कार पर पथराव की घटना सामने आई है. मामले को लेकर लेखक ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के अनुसार,अंशुमन भगत अपनी कार का एसी ठीक करवाने के लिए बारीडीह गोलचक्कर के एक कार गैरेज पहुंचे थे.आरोप है कि मरम्मत के दौरान गैरेज के मैकेनिक द्वारा कार के कुछ पार्ट्स को नुकसान पहुंचा दिया गया. (नीचे भी पढ़े)

जब उन्होंने इस पर विरोध जताया और नुकसान ठीक करने की बात कही तो गैरेज में मौजूद लोगों ने उनके साथ बहस और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया. लेखक का आरोप है कि गैरेज संचालक ने पहले कार ठीक करने का आश्वासन दिया, लेकिन पैसे लेने के बाद उसका स्टाफ कुछ बाहरी लोगों को बुलाकर विवाद करने लगा. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ लोगों ने पत्थर से हमला करने की कोशिश की. पीड़ित लेखक के अनुसार, जब वह अपनी जान बचाकर कार से वहां से निकलने लगे, तब गैरेज स्टाफ और उसके साथियों ने उनकी कार पर पथराव कर दिया. (नीचे भी पढ़े)
इस घटना में कार के कई हिस्सों में डेंट आ गए और वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद लेखक ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दे दी है. अब देखना यह होगा कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है. स्थानीय लोगों और साहित्यिक समाज का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाना चाहिए, ताकि शहर में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.







