जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत आकाशदीप प्लाजा के पास रविवार को ऑटो चालकों ने ठगी करने वाले एक शातिर युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी पर लंबे समय से चालकों और राहगीरों को झांसा देकर पैसे ठगने का आरोप है.भुक्तभोगी ऑटो चालक राव ने बताया कि युवक पहले भी उससे तीन हजार रुपये ठग चुका था. रविवार को उसने फिर वही तरीका अपनाया. आरोपी ने कहा कि मस्जिद के पास से एक महिला और युवती को लेकर शादी समारोह में जाना है तथा 100 रुपये किराया तय किया. (नीचे भी पढ़े)

इसके बाद उसने पास के एक घर की ओर इशारा कर कहा कि वह ऊपर से पैसे लेकर आता है और चालक से तीन हजार रुपये के चेंज की मांग करने लगा.चालक राव ने आरोपी को पहचान लिया और उसकी बांह पकड़ ली. खुद को फंसता देख युवक स्कूटी छोड़कर भागने लगा. चालक के शोर मचाने पर आसपास के ऑटो चालक और स्थानीय लोग जुट गए और पीछा कर उसे दबोच लिया.तलाशी में उसके पास से 500-500 रुपये के नोट मिले. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. ऑटो चालकों ने आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.







