जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर रोड नंबर-1 लाइन किनारे गुरुवार रात एक शादीशुदा युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मोहम्मद जहीर के रूप में हुई है, जो मोहम्मद करीम का पुत्र था. वह पेशे से ऑटो चालक था और पत्नी व दो बच्चों के साथ अपने दादा-दादी के घर में रहता था. जानकारी के अनुसार, पिछले चार-पांच दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. गुरुवार रात करीब 10 बजे काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
दरवाजा खोलने पर जहीर को फंदे से लटका पाया गया, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है तथा परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.








