हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार रात को तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन श्रमिक घायल हो गए, जिन्हे सुरक्षित बाहर निकाला गया. साथ ही उनका बेहतर उपचार भी किया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है. पुलिस के अनुसार, घटना तड़के करीब तीन बजे लालपुरा थाना क्षेत्र में हुई, जब परसनी और कुरारा कंदौर गांव के बीच निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया. अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे. इस दौरान तेज आंधी में पुल का स्लैब गिर गया. (नीचे भी पढ़े)
जिससे मजदूरों की दबने से मौत हो गयी. इनमें मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है.वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद पिलर के नीचे फंसकर घायल हो गए. लालपुरा थाना प्रभारी राजेश सरोज ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने तीनों घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेज दिया है. सरोज ने बताया कि मलबा हटाकर यह देखा जा रहा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति दबा तो नहीं है. मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. मृतकों से शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया गया है. मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है.







