
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला खनन विभाग की ओर से सिदगोड़ा के बारीडीह और बागुनहातु स्थित नदी घाट पर बालू माफियाओं के खिलाफ छापेमारी की गई. छापेमारी में सिदगोड़ा पुलिस का भी सहयोग लिया गया. पुलिस को देख कर वहां मौजूद सभी लोग भाग खड़े हुए. मामले में खनन पदाधिकारी राहुल कुमार के बयान पर सिदगोड़ा थाने में 15 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं मौके से 3700 सीएफटी बालू और 3800 सीएफटी गिट्टी जब्त किया गया है. जब्त सामानों को विभाग द्वारा थाने में रखा गया है. आरोपियों पर अवैध बालू उत्खनन और अवैध भंडारण करने का मामला दर्ज किया गया है. खनन पदाधिकारी द्वारा कृष्णा लोहार, थोपो कुम्हार, टुनटुन कुमार झा, दीपक कुमार सिंह उर्फ दीपू, श्याम सिंह उर्फ श्याम यादव, दीनदयाल लोहार, राजू लोहार, शिव, रंजीत कुमार सिद्धार्थ, अवध साव, ओमप्रकाश सिंह, कृष लोहार, मृत्युंजय झा और धन जी जायसवाल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है.





