जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में चापड़ से हमले में युवक के घायल होने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस ने शनिवार को टीएमएच में इलाजरत घटना में घायल आदर्श सिंह का बयान दर्ज किया था, जिसके आधार पर पुलिस ने एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी अयान अभी भी फरार है. पुलिस को दिए बयान में आदर्श ने घटना की पूरी कहानी बताई. (नीचे भी पढ़ें)
उसने बताया कि घटना वाले दिन अयान एवं उसकी महिला मित्र ने उसे कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए थीम पार्क के पास बुलाया था। दोनों ने आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाने का भरोसा दिलाया था. इस पर विश्वास कर आदर्श अपने दो दोस्तों के साथ वहां पहुंचा. हालांकि, मौके पर पहुंचने के बाद उसे स्थिति संदिग्ध लगी. आदर्श ने देखा कि अयान और युवती के साथ कई अन्य युवक भी मौजूद थे. खतरे की आशंका को भांपते हुए वह उनसे दूरी बनाकर खड़ा हो गया. कुछ देर बाद सभी वहां से हट गए, लेकिन तभी अचानक अयान अपने एक साथी के साथ वापस आया. बातचीत शुरू होने से पहले ही अयान ने पीछे से चापड़ से गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल आदर्श मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
आदर्श ने यह भी बताया कि हिरासत में ली गई युवती पहले उसकी करीबी मित्र थी, लेकिन हाल के दिनों में वह अयान के संपर्क में आ गई थी. उसने युवती के पिता को इस संबंध की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसे जान से मारने की धमकियां मिलने लगी थीं. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापामारी कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है.




