जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार को मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में लगी दादाजी की तस्वीर हटाने को लेकर लाइसेंसधारी और संरक्षक पक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को किसी तरह शांत कराया. पीड़ित पक्ष की महिलाओं ने गोलमुरी थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है.




