जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी मार्केट स्थित हरकिशन पान दुकान में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है. चोर दुकान का ताला तोड़कर नकदी और हजारों रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार ने पुलिस से मामले की शिकायत की है. दुकान संचालक उमेश कुमार ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे. सोमवार सुबह दूध सप्लाई करने वाले व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और दुकान खोलकर देखा तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि दुकान में रखा लगभग 10 हजार रुपये नकद, पर्स और अन्य जरूरी सामान गायब था. इसके अलावा करीब 40 से 50 हजार रुपये मूल्य की सिगरेट सहित दुकान का काफी सामान भी चोरी हो चुका था. (नीचे भी पढ़ें)
घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.







