पोटका: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना अंतर्गत जुड़ी पेट्रोल पंप के समीप रहने वाली शिक्षिका रूपाली गोप के घर का ताला तोड़ कर चोरो नें लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ़ कर दिया. पिछले तीन साल में उनके घर में यह तीसरी चोरी की घटना है. सोमवार दोपहर चोरो ने इस घटना को अंजाम दिया. रूपाली गोप ने बताया कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन भी चोरों ने उनके घर में चोरी का प्रयास किया था, लेकिन पड़ोसियों ने चोरों को देख लिया और उनकी मंशा को विफल कर दिया. लेकिन अब 20 दिन बाद, सरस्वती पूजा के दिन चोरों ने फिर से घर को निशाना बनाया और इस बार उन्हें सफलता मिल गयी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के समय शिक्षिका रूपाली गोप स्कूल में थीं और उनके दोनों बच्चे, रूपम गोप और दीपिका, अपने-अपने विद्यालय गए हुए थे. जब दोनों बच्चे दोपहर करीब 2:30 बजे स्कूल से घर लौटे, तो उन्होंने घर के भीतर का बुरा हाल देखा. दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी का ताला भी तोड़ा गया था, जिसमें नगद रुपये और गहने रखे थे. उन्होंने अपनी मां को इसकी जानकारी दी, इसके बाद रूपाली गोप ने तुरंत ही पुलिस को सूचित किया. पोटका थाना प्रभारी रवि होनहागा घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच पड़ताल की. इस दौरान करीब 10 हजार नगद और 5 लाख के जेवरात की चोरी हुई है. इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और पुलिस प्रशासन से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की जा रही है. रूपाली गोप का कहना है कि उनके पति इस समय महाकुंभ में स्नान करने गए हुए हैं और वह अकेले घर में थीं. इसी का फायदा चोरों ने उठाया है.




