जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के एल-4 रोड नंबर 11 स्थित कांग्रेस नेता अरविंद साहू के परिजन के बंद पड़े आवास को चोरों ने निशाना बनाया. चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के सामान व जेवरात चोरी कर फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्यों ने इसकी सूचना टेल्को पुलिस को दी. कांग्रेस नेता ने बताया कि रक्षाबंधन की रात घर पर चोरी हुई है. वे घर पर नहीं थे. घर बंद था. शनिवार सुबह घर पहुंचे तो देखा कि घर का ताला टूटा है. उन्होंने बताया कि घर पर उनके भाई भी रहते है, जो इलाज करवाने के लिए वेल्लोर गए है. चोरों ने दो अलमारी का लॉक तोड़ा है, और 30 हजार नकद और अन्य सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए है. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. उसमें एक संदिग्ध दिखाई दे रहे है. प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि चोरों ने घर के बंद होने की जानकारी पहले से रखी थी और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया. परिवार के सदस्यों द्वारा चोरी गये सामानों की सूची तैयार की जा रही है. पुलिस मामले की जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान में जुटी है. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता है.




