जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत गोलपहाड़ी नया बस्ती में बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. परिवार पिता के निधन के बाद श्राद्ध कर्म में शामिल होने बिहार के सिवान गया था. रविवार को जमशेदपुर लौटने पर परिवार को घर में चोरी होने की जानकारी मिली. पीड़िता के अनुसार, चोर करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए.जानकारी के अनुसार, गोलपहाड़ी नया बस्ती निवासी रिंकी कुमारी सिंह के पिता का 22 जुलाई को निधन हो गया था. उसी रात परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म में शामिल होने अपने पैतृक गांव सिवान चले गए. घर में किसी के नहीं रहने के कारण मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था.(नीचे भी पढ़े)

रविवार को परिवार के लोग छपरा-टाटानगर ट्रेन से जमशेदपुर पहुंचे. टाटानगर स्टेशन से घर पहुंचने पर उन्हें मुख्य गेट का ताला लगा मिला. हालांकि,अंदर प्रवेश करने पर कमरों के ताले टूटे हुए मिले. घर की तलाशी लेने पर आलमारी भी क्षतिग्रस्त मिली. आलमारी में रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और लगभग दो लाख रुपये नकद गायब थे. चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार ने परसुडीह पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.पीड़िता रिंकी कुमारी सिंह ने आशंका जताई है कि घटना में किसी परिचित या घर की गतिविधियों से वाकिफ व्यक्ति की भूमिका हो सकती है. पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.




