जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन स्थित चाईबासा स्टैंड के पास ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों पर बाइक सवार बुजुर्ग और उनके बेटे से अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगा है. जानकारी के अनुसार कोवाली निवासी चंदन सरदार अपने चाचा जो शिक्षक है और गाड़ी चलाने में असमर्थ है, वो जनगणना कार्य करने जा रहे थे. उनकी जनगणना ड्यूटी दूसरे प्रखंड में काफ़ी दूर में की गई है. उसी के सिलसिले में पोटका से बारीडीह विजया गार्डन लेकर जा रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान चेकिंग पॉइंट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया. चंदन सरदार का आरोप है कि हेलमेट पहनने और सभी आवश्यक वाहन कागजात का फोटो कॉपी दिखाने के बावजूद उन्हें नहीं छोड़ा गया और उनसे चालान के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई. घटना से परेशान चंदन सरदार ने तत्काल पोटका विधायक संजीव सरदार को फोन कर पूरी जानकारी दी. विधायक ने पहले फोन पर मौजूद पुलिस कर्मी से बात करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मी ने उनसे बात करने से इनकार कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. विधायक ने तत्काल ट्रैफिक थानेदार एवं डीएसपी ट्रैफिक को घटनास्थल पर बुलाकर पैसे मांगने के आरोपों की जांच कराने तथा पीड़ित को प्रताड़ित करने के दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि आए दिन पुलिस की कार्यशैली से जनता परेशान दिख रही है, बेवजह परेशान करने की हरकत पुलिस को बंद करनी होगी. मौके पर पहुंचे डीएसपी ट्रैफिक नीरज ने मामले की जांच की और संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आम जनता के साथ किसी प्रकार का अन्याय या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन आम लोगों को परेशान करना या उनसे अवैध वसूली करना गलत है. विधायक ने कहा कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मी जनता के अधिकारों का हनन करेगा तो उसके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी.







