
जमशेदपुर : विजय दिवस के उपलक्ष्य में जय हिंद मॉर्निंग वाकर ग्रुप, पूर्व सैनिक सेवा परिषद एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में 1971 में भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए जवानों को नमन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री राजीव कुमार ने बताया कि 1971 का युद्ध केवल दो देशों के बीच का युद्ध नहीं था, बल्कि मानवता के लिए विश्व का भूगोल बदला गया और एक नए देश बांग्लादेश का निर्माण हुआ। इस युद्ध में पाकिस्तान के 93 हजार सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था, जो विश्व में एक अनूठा रिकॉर्ड है। 16 दिसंबर को भारत सरकार ने विजय दिवस घोषित किया और उसी गौरव के पल को याद करते हुए हम उसमें शहीद हुए और भाग लिए सैनिकों को नमन करते हैं। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से सेना मेडल से सम्मानित हवलदार राकेश तिवारी भी उपस्थित थे, जिनका सम्मान जय हिंद वाकर्स ग्रुप ने किया। (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में राकेश तिवारी ने कश्मीर में सेना के मनोबल और राष्ट्र रक्षा के कार्यों के बारे में बताया। नेवी के ऑफिसर सुखविंदर सिंह ने भी बांग्ला देश, जिसका निर्माण भारत ने किया, उसकी वर्तमान हरकत पर नाराजगी जताई और कहा कि जिसका निर्माण भारत ने किया आज उसकी गतिविधियां ठीक नहीं हैं। सभा को जमशेदपुर हेल्थ आवेरनेस के अध्यक्ष एसपी सिंह ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन जय हिंद वाकर्स ग्रुप के शेखर सहाय ने किया। कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर सैनिकों के प्रतिनिधि के तौर पर वरुण कुमार, केएम सिंह, नवेंदु गांगुली, भोला सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जय हिंद वाकर्स के शत्रुघ्न पुष्टि, रंजीत प्रसाद, उमेश, महेश लारोरकर, संजय सिंह, रंजीत, राजीव अंडमान, सुभाष कुमार, नवीन कुमार सिंह, राजेश , महेश, मनोज पांडे, सनोज सिंह, राजा राव, गणेश राव, वरुण कुमार, सत्यप्रकाश, पंकज शर्मा, नायक नरेंद्र सिंह, सिद्धनाथ सिंह, केएम सिंह, सुखविंदर सिंह, हरि सिंह शांडिल्य, डोके, हेमंत एवं केके तिवारी उपस्थित थे।




