जमशेदपुर : नेशनल कमेटी ऑन टीचर्स एजुकेशन की पूर्व क्षेत्रीय कमेटी ने जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी को वर्ष 2021-22 के सेशन से तीन शिक्षण कार्यक्रमों, बीएड एमएड एवं बीपीएड के लिए मान्यता दे दी है. पूर्व क्षेत्रीय कमेटी की विगत 16 जनवरी को आयोजित ईआरसी, एनसीटीई की 387वीं बैठक में उक्त निर्णय लिया गया. हालांकि 15 से 16 अक्टूबर 2024 को हुई अपनी 352वीं मीटिंग में कमेटी ने पहले ही जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग को तीनों प्रोग्राम के लिए मान्यता दे दी थी, लेकिन जिस सेशन से मान्यता दी गई थी, वह स्पष्ट नहीं था. (नीचे भी पढ़ें)
अब जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ अंजिला गुप्ता के कुशल नेतृत्व और परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रमण्यम, कोऑर्डिनेटर डॉ कामिनी कुमारी और शिक्षा विभाग के प्रमुख डॉ संजय भुइयां के अथक प्रयासों से यह संभव हो पाया है. इससे 2021-22 सेशन से पास हुए छात्रों को अपने करियर को लेकर तनाव से राहत मिली है, क्योंकि शुरुआती दस्तावेजी मान्यता जमशेदपुर महिला कॉलेज के नाम से थी, जो 2021-22 सेशन और उसके बाद के छात्रों को नौकरी पाने में बाधा बन रही थी. कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने पूरी टीम को बधाई दी है, जिसने इस सफल परिणाम को लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और छात्रों को भी बधाई दी, साथ ही विभाग और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.








