जमशेदपुर : जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ. प्राचार्य डॉ राजीव कुमार एवं आमंत्रित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. प्राचार्य डॉ राजीव कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए समाज के समग्र विकास के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण को आधार बताते हुए विद्यार्थियों का अनुसंधान और वैज्ञानिक चिंतन की दिशा में सक्रिय होने के लिए आह्वान किया. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, ग्रेजुएट कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ धंजल ने अपने उद्बोधन में विज्ञान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान तर्क, परीक्षण और प्रमाण पर आधारित जीवन-पद्धति है, जो समाज को प्रगति की दिशा प्रदान करता है. (नीचे भी पढ़ें)
भौतिक विभागाध्यक्ष डॉ संजय कुमार गोराई ने “विज्ञान जगत में नारी शक्ति का योगदान” विषय पर व्याख्यान देते हुए महिला वैज्ञानिकों की ऐतिहासिक एवं समकालीन उपलब्धियों को रेखांकित किया. भौतिकी विभाग की प्राध्यापिका डॉ विद्या राज डीजे ने भी महिला वैज्ञानिकों की उपलब्धियों की विस्तार से चर्चा की तथा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं उसकी प्रासंगिकता को स्पष्ट किया. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान के कई वर्किंग मॉडल एवं आकर्षक पोस्टरों की प्रदर्शनी आयोजित की. प्रदर्शित मॉडलों में ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा वैज्ञानिक सिद्धांतों के व्यावहारिक अनुप्रयोग को दर्शाया गया. इन प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के लिए निर्णायक के रूप में रसायन विज्ञान की प्रोफेसर डॉ सुमन कुमारी एवं डॉ विद्याराज डीजे ने अपनी भूमिका निभाई और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का संचालन आइक्यूएसी समन्यवक प्रो कुमारी प्रियंका ने किया, जबकि अंत में वनस्पति विज्ञान विभाग की डॉ पुष्पा सालो लिंडा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक सेवानिवृत्त पूर्व प्राध्यापकों एवं पूर्व प्राचार्य डॉ डीपी शुक्ला, डॉ एके मेहता, डॉ नरेश कुमार, डॉ एसएन ठाकुर, डॉ एमके खान, डॉ अनिल पाठक, प्रो राजेश्वर प्रसाद, प्रो पीके पाणी,प्रो सुभाष दास, प्रो प्रियंका, प्रो कुमकुम बोस और भी कई शिक्षक उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए. कार्यक्रम के उपरांत, महाविद्यालय में ‘होली मिलन समारोह’ का भी आयोजन किया गया. इस अवसर पर प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी सौहार्द और सामूहिकता का संदेश दिया. सभी ने सुस्वादु व्यंजनों का आनंद लेते हुए उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया.





