जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल को नाला के पास मिले एक युवक के शव की शिनाख्त हो गयी. मृतक की पहचान छोटा गोविंदपुर सुभाष नगर निवासी मंगल तिवारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. मृतक के भाई बंटी तिवारी के अनुसार, मंगल 21 अप्रैल को दोपहर करीब 1 बजे घर से गोविंदपुर हॉल्ट अपने दोस्तों से मिलने जाने की बात कहकर निकले थे. उनके साथ उनका मित्र मनीष पांडे भी मौजूद था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया, जिस पर मंगल ने बताया कि वह थोड़ी देर से आएंगे. इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया. 22 अप्रैल को दोबारा संपर्क करने पर फोन एक अज्ञात व्यक्ति ने उठाया, जिसने खुद को सैलून संचालक बताया और मोबाइल मिलने की बात कही. परिजन वहां पहुंचे और 500 रुपए देकर मोबाइल वापस ले आए. इस घटना ने परिजनों के संदेह को और गहरा कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों का आरोप है कि जिस रात मंगल लापता हुए, उसी रात उनके कुछ दोस्त नशे की हालत में घर पहुंचकर पूछताछ कर रहे थे, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया. काफी खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला. इसी बीच 26 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि नाला के पास एक गड्ढे में एक युवक का शव पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जहां बाद में उसकी पहचान मंगल तिवारी के रूप में हुई. परिजनों का कहना है कि जिस स्थान से शव मिला, वहां पानी बहुत कम था, ऐसे में डूबने की संभावना नहीं है. उन्होंने आशंका जताई है कि हत्या कर शव को फेंका गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.




