जमशेदपुर : धनबाद स्थित डी नोबिली स्कूल में आयोजित सीआइएससीई रीजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में जमशेदपुर ज़ोन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. तीसरे स्थान के मुकाबले में टीम ने पटना जोन को हराकर यह उपलब्धि हासिल की. टीम के कप्तान एवं केरला समाजम मॉडल स्कूल (केएसएमएस) के छात्र दिव्यांश राज शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन बल्लेबाजी और प्रभावशाली गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
उनके हरफनमौला खेल से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित हुआ, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. साथ ही, उनका चयन आगामी सीआइएससीई राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए राष्ट्रीय टीम में भी हुआ है. यह सफलता टीम के मुख्य कोच एवं झारखंड के प्रसिद्ध क्रिकेटर निहाल सिंह के मार्गदर्शन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम मानी जा रही है. उनकी कोचिंग में जमशेदपुर ज़ोन की टीम ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है.




