जमशेदपुर : जमशेदपुर में चार्टर्ड एकाउंटेंट डे मनाया गया. इस मौके पर जमशेदपुर शाखा, सीआइआरसी, आइसीएआई द्वारा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर यह दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. समारोह की शुरुआत जमशेदपुर के रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में शाखा अध्यक्ष कौशलेंद्र दास द्वारा ध्वजारोहण कर की गई. इस अवसर पर 50 से अधिक सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की. ध्वजारोहण उपरांत, रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस पुस्तकालय में एक विशेष कार्यक्रम ‘सलाम उन स्तंभों को’ (सैल्यू द स्टैलवर्ट) आयोजित किया गया, जिसमें समाज और पेशे में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सम्मानित किया गया. इस गरिमामयी अवसर पर गोपाल हरलालका, राम सिंह, एसपी अग्रवाल और आरके झुनझुनवाला को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर स्वागत भाषण में शाखा अध्यक्ष कौशलेंद्र दास ने कहा कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स देश की आर्थिक रीढ़ होते हैं. व्यवसाय, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है. सीए पेशे का मूल आधार ईमानदारी, पारदर्शिता और उच्चतम नैतिक मानदंड हैं, जिसे हमारे सभी सदस्य जीवन में अपनाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का सफल संचालन ऋषि अरोड़ा द्वारा किया गया. उनका योगदान आयोजन को प्रभावी एवं स्मरणीय बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा. धन्यवाद ज्ञापन आनंद अग्रवाल ने किया. समाजसेवा की भावना के अंतर्गत जमशेदपुर शाखा ने बिष्टुपुर राजस्थान भवन में रक्तदान शिविर एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया. यह पहल मारवाड़ी युवा मंच, टाटानगर अचीवर्स शाखा के सहयोग से सम्पन्न हुई. इस मौके पर कुल 152 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. इस सेवा कार्य में विशेष रूप से सुगम सरायवाला, अनिल अग्रवाल, दयाशंकर, रवि गुप्ता, मुकुंद केडिया, राकेश रोशन झा, धीरज प्रसाद, पंकज शघारी, अभिषेक अग्रवाल, आदित्य जाजोदिया, योगेश शर्मा, एनके जैन, संजय गोयल, अभिषेक गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, सुमन चौधरी, मनीष अग्रवाल, चेतन अग्रवाल, आनंद हरणाठका, जेपी हीरवाल, योगेश अग्रवाल तथा अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई. अंत में शाखा अध्यक्ष कौशलेंद्र दास ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स केवल वित्तीय मामलों के विशेषज्ञ नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में भी सदैव अग्रणी रहते हैं.




