
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के झरिया गांव की वार्ड पार्षद डालिया महतो ने मंगलवार को अपने वार्ड के सबर और अन्य असहायों के बीच 20 कंबल का वितरण किया. वार्ड पार्षद कंबल वितरण करने जब झरिया गांव की सबर टोला पहुंची तो सबरों ने कहा कि विगत 3-4 दिन पूर्व बिजली विभाग के कर्मियों ने उनकी बिजली का संयोजन काट दिया है. सबरों ने कहा कि उनकी बिजली का बिल बकाया है, बकाया राशि जमा नहीं कर पाने के कारण विभाग द्वारा उनका संयोजन काट दिया गया है. सबरों ने कहा कि आये दिन गांव के आसपास हाथी आते रहते हैं, घर में बिजली नहीं होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सबरों ने कहा कि वह अपनी जीवन बसर जंगल से करते हैं दिनरात मेहनत मजदूरी कर अपना और परिवार का भरण पोषण करते हैं, ऐसे में वे सभी बिजली का भुगतान कैसे कर पाएगें. कहा कि बिजली बिल का भुकतान नहीं करने के विरोध में विभाग ने कार्रवाई करते हुए उनका बिजली का संयोजन काट दिया है.







