
चाकुलिया : चाकुलिया के मिलर्स ने रांची से चाकुलिया पहुंचे विधायक समीर महंती के साथ बैठक की. सर्वप्रथम मिल मालिकों ने गुलदस्ता भेंट कर नव निर्वाचित विधायक समीर महंती का स्वागत किया. मिल मालिकों ने बैठक में अपनी समस्याओं से अवगत कराकर समाधान करने की मांग की. मिल मालिकों ने कहा कि चाकुलिया में मिलें लगातार बंद हो रही हैं, इससे यहां के मजदूर भी बेरोजगार हो रहे हैं. मिल मालिकों की समस्याओं से अवगत होकर श्री महंती ने कहा कि मिल संबंधित उन्हें जानकारी नहीं है. वह एक प्रतिनिधिमंडल की सरकार के संबंधित मंत्री के साथ बैठक कराकर जल्द समाधान करने की पहल करेंगे. वे भी चाहते हैं कि चाकुलिया की बंद पड़ी चावल मिल दोबारा खुले, ताकि स्थानीय मजदूरों को रोजगार मिले. बैठक में शंकर रुंगटा, बिनीत रुंगटा, बासु लोधा, सुभाष लोधा, दीपक झुनझुनवाला समेत अन्य उपस्थित थे.







