जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को जमशेदपुर में प्रेस वार्ता को संबोधित किया. प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव, जमशेदपुर महानगर मीडिया प्रभारी प्रेम झा मौजूद रहे. जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चैंबर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्ष देश के लिए परिवर्तनकारी रहे हैं, जिनमें सुरक्षा, विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के चार स्तंभों पर केंद्र सरकार ने मजबूती से काम किया है. बीते 11 वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक मंच पर उल्लेखनीय प्रगति की है. आर्थिक मोर्चे पर भारत 2014 में 11वीं अर्थव्यवस्था से आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों ने निवेश और नवाचार को बढ़ावा दिया. (नीचे भी पढ़ें)
डीबीटी के जरिए 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों तक पहुंची, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा. स्वच्छ भारत अभियान के तहत 11.72 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया, जबकि जल जीवन मिशन से 11.82 करोड़ ग्रामीण घरों को नल जल कनेक्शन प्रदान किया. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार का महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर रहा, जिसमें 30 करोड़ मुद्रा योजना ऋण महिलाओं को दिए गए और उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी 28 फीसदी बढ़ी, इसके साथ ही महिलाओं के लिए ऐतिहासिक 33 प्रतिशत आरक्षण का निर्णय लिया गया. आयुष्मान भारत योजना ने 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मंदिरों के गलियारों और तीर्थ स्थलों का अभूतपूर्व पुनर्विकास हुआ है. काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक उज्जैन, मां कामाख्या मंदिर, राम मंदिर अयोध्या, केदारनाथ धाम और जूना सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार से भारत की आध्यात्मिक आत्मा को एक नई ऊर्जा मिली। (नीचे भी पढ़ें)
योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2014 से पहले देश में आए दिन आतंकी हमले होते थे, और सरकारें केवल डोजियर भेजने तक सीमित रहती थीं. लेकिन मोदी सरकार ने उरी और पुलवामा जैसे हमलों के बाद सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अब आतंकवाद का जवाब उसी की भाषा में देगा. देश के अंदरूनी हिस्सों में फैले उग्रवाद को लेकर उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में उग्रवाद में 70 फीसदी तक की कमी आई है. उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 तक भारत को पूरी तरह उग्रवादमुक्त बना दिया जाएगा. खासकर झारखंड के कई इलाकों में अब पहले जैसी भय की स्थिति नहीं रही. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जहां पहले 50 वर्षों में भारत 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बना, वहीं पिछले 11 वर्षों में हम 4 ट्रिलियन डॉलर को पार कर चुके हैं. भ्रष्टाचार पर चोट करते हुए उन्होंने कहा कि आज सरकार पर कोई घोटाले का आरोप नहीं है और डिजिटल इंडिया के चलते बिचौलियों की भूमिका लगभग खत्म हो गई है. उन्होंने बताया कि अब भारत लगभग 60 फीसदी से अधिक रक्षा उपकरण खुद बना रहा है और रक्षा निर्यात में 34 गुना वृद्धि हुई है. ब्रह्मोस और आकाश जैसी मिसाइलें भारत की तकनीकी ताकत का प्रमाण हैं. सड़क, रेलवे और हवाई अड्डों के क्षेत्र में बड़ी प्रगति का जिक्र करते हुए बाबूलाल मरांडी ने चिनाब ब्रिज को भारतीय इंजीनियरिंग की मिसाल बताया और कहा कि हवाई अड्डों की संख्या अब दोगुनी से ज्यादा हो गई है. बाबूलाल बमरांडी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है. प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और मुफ्त अनाज जैसी योजनाओं ने गरीबों के जीवन को बदला है। (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड में लगभग 18.5 लाख घर दिए गए हैं. एक सवाल के जवाब में प्रदेश की गिरती स्वास्थ्य व्यवस्था पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हजारीबाग, गोड्डा और जमशेदपुर जैसी घटनाएं बताती हैं कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में स्वास्थ्य नहीं है. अस्पतालों में ऑक्सीजन, डॉक्टर और उपकरणों की भारी कमी है. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र ने राज्यों को घुसपैठियों की पहचान कर डिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन विपक्षी शासित राज्य इसमें रुचि नहीं दिखा रहे, उल्टा उन्हें बसाने का प्रयास कर रहे हैं. झारखंड में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो रही है. नीचले स्तर के भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष में रहते हुए भी लगातार आवाज उठा रही है। 24 तारीख को पूरे राज्य के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर जोरदार आंदोलन किया जाएगा. एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किसानों की तुलना क्रिकेटर एमएस धोनी से करने पर बाबूलाल मरांडी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बचकानी बात है. एमएस धोनी अपने संसाधनों के बल पर खेती कर रहे हैं. सरकार किसानों को तकनीक, सिंचाई और बीज दे, तो वे भी बेहतर उत्पादन कर सकते हैं. बाबूलाल मरांडी ने प्रेस वार्ता के अंत में कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताती हैं कि देश सही नेतृत्व के साथ सही दिशा में आगे बढ़ रहा है. झारखंड में भी बदलाव की ज़रूरत है ताकि राज्य की जनता को भी वास्तविक विकास और सुशासन का लाभ मिल सके.



