अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो स्टील प्लांट के कॉन्ट्रैक्टरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उनका आरोप है कि बोकारो स्टील प्रबंधन द्वारा बोकारो जिले के कॉन्ट्रैक्टरों पर विभिन प्रकार के नियम लगाकर उन्हें आर्थिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. उन्होंने कहा है कि कंपनी प्रबंधन के नये नियमों के कारण ठेकेदारों एवं उनसे जुड़े ठेका मजदूरों के समक्ष भुखमरी की स्थिति पैदा होने लगी है. (नीचे भी पढ़ें)
इसी कड़ी में बोकारो जिला कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश चौधरी के नेतृत्व में बोकारो जिले के सभी ठेकेदारों ने रविवार को बोकारो फोर लेन स्थित एवरग्रीन रिसॉर्ट में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि जिले के सभी ठेकेदारों ने अपनी 10 सूत्री मांगों से बोकारो स्टील प्रबंधन को अवगत कराते हुए इन समस्याओं को लेकर ठोस कदम उठाते हुए उनका समाधान किये जाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन हम ठेकेदारों पर विभिन्न तरह के हथकंडे और नियम लागू कर हमें प्रताड़ित कर रहा है. यही नहीं, बाहर की कंपनियों को मनमाने दाम पर काम करने को बुलाया जा रहा है, जबकि स्थानीय ठेकेदारों को प्लांट के अंदर काम करने से वंचित किया जा रहा है.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि इसके कारण हम ठेकेदारों के साथ जुड़े सैकड़ों मजदूरों के साथ ही ठेकेदारों के परिवारों के लिए भी भुखमरी की स्थिति उत्पन्न होने लगी है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रबंधन हमारी इन 10 सूत्री मांगें नहीं मानता तो स्थानीय ठेकेदार प्लांट के अंदर काम कर रही बाहरी ठेका कंपनियों का काम भी नहीं चलने देंगे. उन्होंने कहा कि इससे प्लांट सुचारू रूप से नहीं चल पाएगा जिसकी पूरी जिम्मेवारी कंपनी प्रबंधन की होगी.



